खगड़ियाप्रदेशबड़ी खबर

विधानसभा में फिर गूंजा खगड़िया मेडिकल कॉलेज का मुद्दा, विधायक बबलू मंडल ने जल्द निर्माण शुरू कराने की उठाई मांग

1 Mins read
संसारपुर में जमीन चिह्नित होने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं होने पर जताई चिंता, कहा— मेडिकल कॉलेज बनने से खगड़िया समेत आसपास के जिलों के मरीजों को मिलेगा लाभ

खगड़िया। खगड़िया में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के निर्माण का मामला एक बार फिर बिहार विधानसभा में गूंजा। मंगलवार को मानसून सत्र के दूसरे दिन सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने विधानसभा में यह मुद्दा उठाते हुए सरकार से मेडिकल कॉलेज निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि खगड़िया जैसे पिछड़े जिले के लिए मेडिकल कॉलेज अत्यंत आवश्यक है और इसके बनने से न केवल जिले, बल्कि आसपास के कई जिलों के लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

विधायक ने सदन में कहा कि खगड़िया में मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति पहले ही मिल चुकी है। इसके निर्माण के लिए संसारपुर में जमीन चिह्नित कर संबंधित विभाग को प्रस्ताव भेज दिया गया है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि निर्माण में हो रही देरी का सीधा असर जिले की स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि खगड़िया में उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाओं का अभाव है। गंभीर बीमारी या सड़क दुर्घटना के मामलों में मरीजों को बेहतर इलाज के लिए पटना, भागलपुर और अन्य बड़े शहरों के अस्पतालों में रेफर करना पड़ता है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

सात नदियों से घिरे जिले की समस्याओं का किया जिक्र

विधायक बबलू मंडल ने खगड़िया की भौगोलिक परिस्थितियों का हवाला देते हुए कहा कि जिला सात नदियों से घिरा हुआ है। कई दूरदराज और दियारा क्षेत्रों से मरीजों को पहले सदर अस्पताल तक पहुंचने में ही काफी कठिनाई होती है। इसके बाद गंभीर मरीजों को यदि पटना या अन्य शहरों में रेफर कर दिया जाता है, तो उनकी मुश्किलें और बढ़ जाती हैं।

उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज और उससे संबद्ध आधुनिक अस्पताल बनने से जिले के लोगों को अपने ही क्षेत्र में बेहतर इलाज की सुविधा मिल सकेगी और उन्हें लंबी दूरी तय करने की मजबूरी से राहत मिलेगी।

आसपास के जिलों को भी होगा फायदा

सदन में बोलते हुए विधायक ने कहा कि खगड़िया की भौगोलिक स्थिति इसे सहरसा, मधेपुरा, दरभंगा, बेगूसराय, भागलपुर और मुंगेर जैसे जिलों से जोड़ती है। ऐसे में खगड़िया में मेडिकल कॉलेज की स्थापना केवल स्थानीय लोगों के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए लाभकारी साबित होगी।

उन्होंने कहा कि रेल और सड़क संपर्क के लिहाज से खगड़िया एक महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां आधुनिक चिकित्सा संस्थान स्थापित होने से यह क्षेत्र स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र बन सकता है और आसपास के सरकारी अस्पतालों पर भी दबाव कम होगा।

फरकिया क्षेत्र में शिक्षा और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि मेडिकल कॉलेज केवल स्वास्थ्य सुविधाओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे फरकिया क्षेत्र में शिक्षा और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। मेडिकल कॉलेज बनने से जिले और आसपास के युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।

उन्होंने कहा कि डॉक्टर, नर्स, तकनीकी कर्मचारियों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही मेडिकल कॉलेज के आसपास व्यावसायिक गतिविधियों का विस्तार होने से स्थानीय स्तर पर प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।

अंत में विधायक ने सरकार और संबंधित विभाग से मांग करते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज खगड़िया की वर्षों पुरानी आवश्यकता है। स्वीकृति और जमीन चिह्नित होने के बाद अब इसके निर्माण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संसारपुर में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के निर्माण की प्रक्रिया तेज कर जल्द काम शुरू कराने का आग्रह किया।

Install App