अपना बिहारखगड़ियाप्रदेशबड़ी खबर

पढ़ाई से ही बदलता है परिवार और समाज का भविष्य : विधायक बबलू मंडल

1 Mins read

जननायक कर्पूरी ठाकुर इंटर स्तरीय विद्यालय में प्रबंधकारिणी समिति की बैठक, छात्रों को बुरी संगति से दूर रहकर शिक्षा पर ध्यान देने की दी सीख

खगड़िया। जननायक कर्पूरी ठाकुर इंटर स्तरीय विद्यालय में मंगलवार को विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति की बैठक सदर विधायक बबलू कुमार मंडल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में विद्यालय के विकास, शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने तथा छात्रों के उज्ज्वल भविष्य को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर विधायक ने बिहार सरकार द्वारा संचालित विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं की जानकारी देते हुए छात्रों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराया।
सभा को संबोधित करते हुए विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि बिहार सरकार लगातार शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं चला रही है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विशेष रूप से छात्र-छात्राओं को शिक्षा से जोड़ने के लिए साइकिल योजना, पोशाक योजना, छात्रवृत्ति योजना, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, पुस्तक सहायता एवं अन्य कई योजनाओं की शुरुआत की है, ताकि कोई भी बच्चा आर्थिक अभाव के कारण पढ़ाई से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य केवल बच्चों को विद्यालय तक लाना नहीं, बल्कि उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देकर बेहतर नागरिक बनाना है। विधायक ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि वे पूरी मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करें और आगे चलकर देश के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर सेवा देकर अपने माता-पिता, गांव और जिले का नाम रोशन करें।
विधायक ने छात्रों को बुरी संगति से दूर रहने की भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि गलत संगति और नशे जैसी बुरी आदतें बच्चों के भविष्य को बर्बाद कर देती हैं। इसलिए छात्रों को हमेशा अच्छे वातावरण में रहकर अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस बच्चे के हाथ में किताब होती है, उसका भविष्य उज्ज्वल होता है। शिक्षा ही वह ताकत है जो किसी गरीब परिवार की तकदीर बदल सकती है।
उन्होंने कई उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे पढ़ाई के दम पर साधारण परिवारों के बच्चे आज बड़े अधिकारी, डॉक्टर, इंजीनियर और प्रशासक बनकर समाज में नई पहचान बना रहे हैं। विधायक ने कहा कि यदि बच्चे मन लगाकर पढ़ाई करें और शिक्षक व अभिभावक उनका सही मार्गदर्शन करें, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।
बैठक में विधायक ने विद्यालय में प्रयोगशाला निर्माण का आश्वासन भी दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक शिक्षा व्यवस्था में प्रयोगशाला की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और छात्रों को विज्ञान शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए जल्द ही विद्यालय में प्रयोगशाला बनवाने की दिशा में आवश्यक पहल की जाएगी।
विधायक ने शिक्षकों से भी सकारात्मक सोच के साथ काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बीते समय में विद्यालय में क्या हुआ, इसकी चर्चा करने से कोई लाभ नहीं होगा। अब आवश्यकता है कि नई ऊर्जा, नए उत्साह और सकारात्मक सोच के साथ बच्चों को आगे बढ़ाने की दिशा में सार्थक प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज निर्माता होते हैं और उनकी भूमिका बच्चों के भविष्य निर्माण में सबसे महत्वपूर्ण होती है।

बैठक में विद्यालय की प्रभारी प्राचार्य सोनी कुमारी, जदयू नेता दीपक सिन्हा, विनय पटेल सहित कई शिक्षक, अभिभावक एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे। सभी ने विद्यालय के विकास और छात्रों के बेहतर भविष्य को लेकर अपने विचार रखे।
बैठक के अंत में विधायक ने भरोसा दिलाया कि शिक्षा के क्षेत्र में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी और विद्यालयों को बेहतर बनाने के लिए हर संभव प्रयास जारी रहेगा।

316 posts

About author
News Bihar 18 बिहार की खबरों का विश्वसनीय डिजिटल मंच। News Bihar 18 पर आपको बिहार की राजनीति, प्रशासन, विकास, शिक्षा, रोजगार, अपराध, सामाजिक सरोकार और देश-दुनिया से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरें मिलती हैं। निष्पक्ष खबर • तथ्यपरक जानकारी • जनसरोकार 📍 बिहार की हर महत्वपूर्ण खबर पर हमारी नजर 🌐 newsbihar18.com
Articles

Leave a Reply

Install App