अपना बिहारखगड़ियाबड़ी खबर

दिशा बैठक में विधायक बबलू मंडल सख्त : आरओबी विस्तार, जलनिकासी और स्वास्थ्य सेवाओं पर अफसरों को दिए निर्देश

1 Mins read

खगड़िया। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में खगड़िया सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने अधिकारियों के सामने विकास कार्यों से जुड़े कई अहम मुद्दे उठाए। सड़क, पुल, स्वास्थ्य, शिक्षा, जलनिकासी, बिजली और रोजगार से संबंधित योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर आम लोगों तक पहुंचना चाहिए।

पूर्वी केबिन आरओबी को बालुवाही तक बढ़ाने की मांग

बैठक में विधायक ने शहर के पूर्वी केबिन पर बन रहे रेल ओवरब्रिज (आरओबी) की लंबाई बढ़ाकर बालुवाही पेट्रोल पंप तक ले जाने का प्रस्ताव रखा। उनका कहना था कि इससे भविष्य में शहर की ट्रैफिक समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा। इसके अलावा राजेंद्र चौक से जयप्रकाश नगर होते हुए बालुवाही तक सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए।

गोशाला परिसर में मार्केट बनाने का प्रस्ताव

रोजगार और शहरी विकास के मुद्दे पर विधायक ने गोशाला परिसर के जीर्णोद्धार के साथ उसके चारों ओर व्यवस्थित बाजार विकसित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और शहर का सौंदर्यीकरण भी होगा।

सड़क निर्माण के साथ जलनिकासी व्यवस्था पर जोर

बछौता चौक से भदास, दाढ़ी आस और त्रिभुवन टोला तक सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता देने के साथ विधायक ने अधिकारियों से कहा कि निर्माण के साथ-साथ जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान भी सुनिश्चित किया जाए।

अवैध बालू खनन रोकने का निर्देश

खनन विभाग की समीक्षा के दौरान विधायक ने चौधरी टोला के पास निर्माणाधीन पुल और शवदाह गृह के समीप बालू खनन पर रोक लगाने के निर्देश दिए। वहीं, निजी जमीन पर व्यक्तिगत जरूरत के लिए मिट्टी काटने वाले किसानों के खिलाफ अनावश्यक कार्रवाई नहीं करने की बात कही।

अस्पताल में एंटी-स्नेक वेनम रखने का आदेश

स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए विधायक ने सदर अस्पताल के आईसीयू का नियमित संचालन सुनिश्चित करने और बरसात के मौसम को देखते हुए पर्याप्त मात्रा में एंटी-स्नेक वेनम उपलब्ध रखने का निर्देश दिया। साथ ही सदर अस्पताल रोड पर जलजमाव की समस्या को दूर करने के लिए नगर परिषद को कार्रवाई करने को कहा।

स्कूल परिसर के तालाब से बच्चों की सुरक्षा का मुद्दा

उच्च माध्यमिक विद्यालय माड़र में पांच स्कूलों के संचालन का मुद्दा उठाते हुए विधायक ने विद्यालय के पास स्थित तालाब को बच्चों के लिए खतरा बताया। उन्होंने भवन निर्माण के साथ सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का निर्देश दिया।

मानसी क्षेत्र के लिए कई अहम घोषणाएं

मानसी क्षेत्र के विकास को लेकर विधायक ने पश्चिमी केबिन पर आरओबी निर्माण कर एनएच-31 को एसएच-95 से जोड़ने की योजना में तेजी लाने की बात कही। इसके अलावा मंजरा धार को अतिक्रमण मुक्त कर आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने, वेंडिंग जोन बनाने और बलहा में अतिरिक्त स्वास्थ्य भवन निर्माण का निर्देश दिया।

बिजली और जलजमाव की समस्या पर सख्ती

विधायक ने बेलौर के खोनमा धार के पास झुके बिजली के खंभों को तत्काल ठीक कराने और पूरे सदर विधानसभा क्षेत्र में जलनिकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विधायक बोले— योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचना जरूरी

बैठक के अंत में विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि विकास केवल योजनाओं की घोषणा से नहीं, बल्कि उनके प्रभावी क्रियान्वयन से दिखाई देता है। उन्होंने अधिकारियों को सभी जनहित के कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

Install App