अपना बिहारखगड़ियाबड़ी खबर

बेलौर में जल्द दौड़ेगी विकास की राह, खगड़िया सदर विधायक बबलू मंडल ने निजी कोष से पीपा पुल निर्माण कार्य का किया शुभारंभ

1 Mins read

वर्षों पुरानी समस्या के समाधान की पहल, हजारों लोगों को मिलेगा सीधा लाभ

खगड़िया। सदर प्रखंड की उत्तर माड़र पंचायत के बेलौर गांव में वर्षों से जर्जर पड़े पीपा पुल के पुनर्निर्माण का रास्ता आखिरकार खुल गया। गुरुवार को सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने अपने निजी कोष से बनने वाले पीपा पुल निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस पहल से बेलौर मोरकाही और आसपास के कई गांवों के हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

लंबे समय से पुल क्षतिग्रस्त रहने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। खासकर स्कूली बच्चों, किसानों, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए यह समस्या रोजमर्रा की मुश्किल बन चुकी थी। किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने और विद्यार्थियों को विद्यालय जाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी।

निर्माण कार्य के शुभारंभ के मौके पर विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि पीपा पुल की बदहाल स्थिति की जानकारी उन्हें पहले ही मिल चुकी थी, लेकिन उस समय वह बिहार सरकार की अध्ययन यात्रा के सिलसिले में राज्य से बाहर थे। वापस लौटने के बाद उन्होंने ग्रामीणों के साथ बैठक कर इस समस्या के स्थायी समाधान पर चर्चा की।

विधायक ने कहा कि ग्रामीणों की मांग और क्षेत्र की आवश्यकता को देखते हुए उन्होंने बिना किसी देरी के पुल निर्माण का निर्णय लिया। उन्होंने कहा, “बच्चों की पढ़ाई, किसानों की खेती और आम लोगों की सुविधा सुनिश्चित करना हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। विकास तभी सार्थक होगा, जब उसका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।”

उन्होंने कहा कि यह पीपा पुल केवल दो गांवों को जोड़ने वाला रास्ता नहीं, बल्कि हजारों लोगों की जिंदगी से जुड़ा अहम माध्यम है। पुल के निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र की सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।

स्थानीय ग्रामीणों ने विधायक के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि वर्षों से लंबित इस समस्या के समाधान की दिशा में यह बड़ा कदम है। लोगों ने उम्मीद जताई कि पुल बनने के बाद छात्रों की शिक्षा, किसानों की खेती और स्थानीय व्यापार को सीधा फायदा मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान जदयू नेता दीपक सिन्हा, उमेश सिंह पटेल, ब्रज किशोर शर्मा, विवेक भगत, विकास मेहता समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। ग्रामीणों ने विधायक के इस प्रयास को जनप्रतिनिधि और जनता के बीच आपसी विश्वास का प्रतीक बताया।

विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि खगड़िया सदर विधानसभा के समग्र विकास के लिए उनका प्रयास आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी समस्या के समाधान के लिए वह हमेशा जनता के साथ खड़े रहेंगे।

Install App