खगड़ियाप्रदेश

भदास सड़क निर्माण सितंबर 2026 तक पूरा होगा

1 Mins read
विधानसभा में विधायक बबलू मंडल के सवाल पर सरकार का आश्वासन, 3.510 किमी सड़क के निर्माण की तय हुई समय-सीमा

खगड़िया। भदास गांव की बहुप्रतीक्षित सड़क के निर्माण को लेकर विधानसभा में उठे सवाल के बाद सरकार ने सितंबर 2026 तक कार्य पूरा कराने का भरोसा दिया है। खगड़िया सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने मानसून सत्र के दौरान तारांकित प्रश्न के माध्यम से पीडब्ल्यूडी रोड से अमबाड़ीह तक 3.510 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण में हो रही देरी का मुद्दा सदन में उठाया था।

सरकार की ओर से दिए गए लिखित जवाब में बताया गया कि उक्त सड़क ग्रामीण सड़क सुदृढ़ीकरण एवं प्रबंधन कार्यक्रम के तहत स्वीकृत है। एकरारनामा के अनुसार निर्माण कार्य पांच मई 2025 से शुरू होकर चार मई 2026 तक पूरा होना था। हालांकि, अब संवेदक की ओर से संशोधित कार्ययोजना विभाग को सौंप दी गई है, जिसके आधार पर शेष कार्य सितंबर 2026 तक पूरा किया जाएगा।

सरकार ने सदन को यह भी बताया कि सड़क पर प्रारंभिक सुधार और इनिशियल रेक्टिफिकेशन का कार्य पहले ही कराया जा चुका है। अब संशोधित योजना के तहत बाकी निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।

जलजमाव से मिलेगी राहत

सरकार ने अपने जवाब में स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण पूरा होने के बाद भदास और आसपास के क्षेत्रों में जलजमाव की समस्या से भी लोगों को राहत मिलेगी। इससे ग्रामीणों के आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और वर्षों पुरानी परेशानी दूर होने की उम्मीद है।

मंत्री को भी सौंप चुके हैं पत्र

विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि क्षेत्र की जरूरतों और लोगों की समस्याओं को लेकर वह लगातार आवाज उठाते रहे हैं। उन्होंने बताया कि विधानसभा में प्रश्न उठाने के साथ-साथ ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री से मिलकर भी सड़क निर्माण को लेकर पत्र सौंपा गया है। मंत्री ने जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया है।

उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य पूरा होने तक वह इस मुद्दे को लगातार उठाते रहेंगे। अब क्षेत्र के लोगों की नजर सरकार के उस आश्वासन पर टिकी है, जिसमें सितंबर 2026 तक सड़क निर्माण पूरा करने की बात कही गई है।

Install App