खगड़िया, 15 अगस्त 2026। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर खगड़िया में देशभक्ति और राष्ट्रगौरव से सराबोर माहौल के बीच भव्य झंडोत्तोलन समारोह आयोजित किया गया। जेएनकेटी इंटरस्तरीय विद्यालय मैदान में जिला प्रशासन की ओर से आयोजित मुख्य समारोह में मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
तिरंगा फहराते ही पूरा परिसर राष्ट्रगान की गूंज से गूंज उठा। उपस्थित लोगों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और अमर शहीदों को नमन किया।
समारोह में सदर विधायक बबलू कुमार मंडल, जिलाधिकारी विक्रम विरकर और पुलिस अधीक्षक भानु प्रताप सिंह समेत जिले के कई वरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कर्मी, आमजन और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान आयुक्त प्रेम सिंह मीणा और जिलाधिकारी विक्रम विरकर ने गुब्बारे उड़ाकर शांति, सद्भाव और देश की स्वतंत्रता के संदेश को आगे बढ़ाया। आसमान में उड़ते रंग-बिरंगे गुब्बारों ने समारोह के उत्साह और उमंग को और बढ़ा दिया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति का जज्बा देखने को मिला। तिरंगे की शान में आयोजित समारोह ने लोगों को स्वतंत्रता के महत्व के साथ-साथ देश की एकता, अखंडता, शांति और सद्भाव को मजबूत करने का संदेश दिया।
जिला प्रशासन ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नागरिकों से राष्ट्र की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करते हुए देश को निरंतर मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

