कात्यायनी मंदिर के पास हुआ हादसा, चौथम सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को सदर अस्पताल खगड़िया रेफर किया गया।
खगड़िया/चौथम। चौथम थाना क्षेत्र में कात्यायनी मंदिर के पास गुरुवार को एक अनियंत्रित बाइक पुल से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दोनों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल चौथम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। वहां डॉ. अमित कुमार ने प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, खगड़िया रेफर कर दिया गया। घायलों को एंबुलेंस से सदर अस्पताल भेजा गया।
घायलों की पहचान चौथम थाना क्षेत्र के सरसवा गांव निवासी मनोज साहू के पुत्र सुमित कुमार और संतोष साहू के पुत्र राजकुमार के रूप में हुई है।
